फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

करनाल: अमरनाथ यात्रा के लिए मेडिकल शुरू, सिविल अस्पताल में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

शाहिल शर्मा Updated Mon, 13 Apr 2026 02:26 PM IST

अमरनाथ यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए जिला नागरिक अस्पताल में मेडिकल जांच की प्रक्रिया शुरू हो गई है। मेडिकल कराने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु अस्पताल पहुंच रहे हैं, जिसके चलते सुबह से ही लंबी कतारें देखने को मिलीं। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए अस्पताल प्रशासन ने विशेष प्रबंध किए हैं ताकि किसी को असुविधा का सामना न करना पड़े। अस्पताल परिसर में लाइन को व्यवस्थित करने के लिए कर्मचारियों की तैनाती की गई है और अलग-अलग काउंटरों के माध्यम से प्रक्रिया को तेज किया जा रहा है। जिला नागरिक अस्पताल के प्रवक्ता दीपक गोयल ने बताया कि अमरनाथ यात्रा के लिए मेडिकल कराने आने वाले लोगों की सुविधा को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को परेशानी न हो, इसके लिए पर्याप्त संख्या में डॉक्टरों की ड्यूटी लगाई गई है और जांच प्रक्रिया को सरल बनाया गया है। उन्होंने बताया कि मेडिकल जांच में श्रद्धालुओं की स्वास्थ्य स्थिति का पूरा ध्यान रखा जा रहा है, ताकि यात्रा के दौरान किसी प्रकार की दिक्कत न हो। सभी जरूरी परीक्षण निर्धारित मानकों के अनुसार किए जा रहे हैं। अस्पताल में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ देखी गई, जिसमें युवा, बुजुर्ग और महिलाएं भी शामिल हैं। कई श्रद्धालु दूर-दराज क्षेत्रों से भी मेडिकल कराने पहुंचे हैं। लाइन में लगे लोगों ने बताया कि व्यवस्था संतोषजनक है, हालांकि भीड़ अधिक होने के कारण थोड़ा इंतजार करना पड़ रहा है। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि आने वाले दिनों में श्रद्धालुओं की संख्या और बढ़ सकती है, इसलिए व्यवस्थाओं को और मजबूत किया जा रहा है। जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त स्टाफ और काउंटर भी लगाए जाएंगे।

Latest

विज्ञापन

Recommended

विज्ञापन
Next
एप में पढ़ें