नशा मुक्त हरियाणा मुहिम के तहत कैथल पुलिस ने राजौंद क्षेत्र के गांव मंडवाल में संदिग्ध नशा तस्करों के ठिकानों पर एक विशेष कॉम्बिंग अभियान चलाया। इस अभियान में स्निफर डॉग के साथ 10 पुलिस टीमों के करीब 100 पुलिस कर्मचारी शामिल रहे। डीएसपी रोहताश के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान में एसएचओ थाना राजौंद एसआई हरपाल और सीआईए कलायत प्रभारी एएसआई मनीष की टीमें भी मौजूद रहीं। पुलिस टीमों ने गांव में संदिग्ध नशा तस्करों के करीब 12 घरों सहित अन्य स्थानों की गहनता से जांच की। इस दौरान यह छानबीन की गई कि कहीं किसी स्थान पर मादक पदार्थ छिपाकर तो नहीं रखे गए हैं अथवा कोई व्यक्ति गैरकानूनी गतिविधियों में संलिप्त तो नहीं है। डीएसपी रोहताश ने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करना, नशा तस्करों व अपराधियों पर शिकंजा कसना तथा उनके मन में कानून का भय पैदा करना है। उन्होंने कहा कि कैथल पुलिस का लक्ष्य पूरे जिले को नशा मुक्त बनाना है। पुलिस द्वारा कॉम्बिंग अभियान के साथ-साथ आमजन को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया। उन्होंने अपील की कि नशा बेचने वाले या अन्य आपराधिक गतिविधियों में शामिल व्यक्तियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें, सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी। डीएसपी ने जोर देकर कहा कि नशा तस्करों की असली जगह जेल है और कैथल पुलिस का यह अभियान भविष्य में भी लगातार जारी रहेगा।