फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जींद के नरवाना में दबलैन फाटक फ्लाईओवर का बहुप्रतीक्षित उद्घाटन 15 जून को, ट्रैफिक जाम से मिलेगी निजात

नवीन दलाल Updated Thu, 12 Jun 2025 02:44 PM IST

नरवाना के लोगों के लिए लंबे समय से प्रतीक्षित खुशी की घड़ी आखिरकार आ ही गई है। वर्षों से निर्माणाधीन दबलैन फाटक फ्लाईओवर का कार्य अब पूर्ण हो चुका है और इसका लोकार्पण 15 जून को प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी द्वारा किया जाएगा। खास बात यह है कि यह दिन मंत्री बेदी का जन्मदिन भी है, जिसे सामाजिक सेवा के रूप में मनाने का निर्णय लिया गया है। मंत्री के निजी सहायक ने जानकारी दी कि उद्घाटन दिवस को विशेष बनाने के लिए नगर और आसपास के क्षेत्रों में कई जनहितकारी कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इसमें जाट धर्मशाला में विशाल रक्तदान शिविर, बस स्टैंड व रेलवे स्टेशन पर ठंडे जल की छबीलें, और भगवान वाल्मीकि छात्रावास में हवन-यज्ञ व सत्संग शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, भाजपा कार्यकर्ता अपने-अपने गांवों में वृक्षारोपण अभियान भी चलाएंगे। शाम के समय दबलैन फाटक पर नवनिर्मित रेलवे ओवरब्रिज का विधिवत उद्घाटन मंत्री कृष्ण बेदी द्वारा किया जाएगा। फ्लाईओवर के उद्घाटन से पहले इसका तकनीकी परीक्षण और सड़क चिन्हीकरण कार्य भी पूर्ण कर लिया गया है। जैसे ही लोकार्पण संपन्न होगा, इसे आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा। राहत की सांस लेंगे शहरवासी यह फ्लाईओवर शहर के स्कूल, कॉलेज और दफ्तर जाने वाले नागरिकों, एम्बुलेंस सेवाओं, तथा मालवाहक वाहनों के लिए बड़ी राहत लेकर आएगा। वर्षों से दबलैन फाटक पर लगने वाले लंबे ट्रैफिक जाम की समस्या अब इतिहास बन जाएगी। यह फ्लाईओवर शहर के ट्रैफिक प्रबंधन में मील का पत्थर साबित हो सकता है। उद्घाटन समारोह को लेकर भाजपा कार्यकर्ता पूरी तरह से सक्रिय हैं। पूरे शहर में प्रचार-प्रसार का कार्य किया जा रहा है और जिलेभर से पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के समारोह में भाग लेने की संभावना जताई जा रही है। इस फ्लाईओवर के शुरू होते ही शहरवासियों को न केवल समय की बचत होगी, बल्कि दुर्घटनाओं की संभावना भी घटेगी। यह एक सार्थक और दूरदर्शी परियोजना के रूप में देखा जा रहा है, जो शहर के विकास को नई दिशा देगी।

Latest

विज्ञापन

Recommended

विज्ञापन
Next
एप में पढ़ें