जयपुर राजस्थान में 30 से दो फरवरी तक आयोजित 15वीं ओपन नेशनल स्कूल स्पोर्ट्स चैंपियनशिप2026 में छात्र लक्ष्य ने शानदार प्रदर्शन किया। बॉक्सिंग प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक हासिल कर संस्थान, जिला और हरियाणा प्रदेश का नाम रोशन किया है। यह प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता स्कूल स्पोर्ट्स एजुकेशन एसोसिएशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में आयोजित की गई, जिसमें देश के विभिन्न राज्यों से आए प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने भाग लिया। इस प्रतियोगिता में हरियाणा राज्य का प्रतिनिधित्व करते हुए आईटीआई जींद के वेल्डर ट्रेड के छात्र लक्ष्य ने अंडर-19 आयु वर्ग के 60 किलोग्राम भार वर्ग में अपने उत्कृष्ट खेल कौशल, अनुशासन और दृढ़ संकल्प का परिचय देते हुए सभी मुकाबले जीतकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया। लक्ष्य की इस उपलब्धि पर राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में संस्थान के प्राचार्य नरेश कुमार पांचाल ने छात्र लक्ष्य को ट्रॉफी व प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया तथा उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि लक्ष्य की यह सफलता न केवल संस्थान के लिए गौरव की बात है, बल्कि अन्य प्रशिक्षणार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत है। यह उपलब्धि साबित करती है कि आईटीआई के छात्र तकनीकी शिक्षा के साथ-साथ खेलों के क्षेत्र में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकते हैं। इस अवसर पर संस्थान के अधीक्षक जोगिंदर सिंह श्योराण, वर्ग अनुदेशक मंगल सिंह, नरेंद्र ढुल, सुरेंद्र खटकड़, सोनू राम, अनुदेशक नवीन लोहान, सोमबीर, अक्षय ढांडा और अन्य स्टाफ सदस्य एवं परिजन मौजूद रहे। प्राचार्य ने कहा कि खेलों से न केवल शारीरिक विकास होता है, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का भी विकास होता है। संस्थान परिवार ने आशा व्यक्त की कि लक्ष्य भविष्य में भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश व प्रदेश का नाम रोशन करेगा।