संवाद न्यूज एजेंसी: --बोले, पीएम नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम से पहले सभी तैयारियां होनी चाहिए पूरी | जींद। देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन के उद्घाटन को लेकर रेलवे प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। मंगलवार को दिल्ली मंडल के अतिरिक्त मंडल रेल प्रबंधक (एडीआरएम) संजीव कुमार सिन्हा करीब 11:45 बजे जींद रेलवे स्टेशन पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों के साथ बैठक कर कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने रेलवे स्टेशन परिसर का निरीक्षण कर विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक के दौरान एडीआरएम ने कहा कि 17 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित कार्यक्रम को देखते हुए रेलवे की सभी तैयारियां निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी कर ली जाएं। उन्होंने स्टेशन परिसर की साफ-सफाई, यात्री सुविधाएं, प्लेटफॉर्म व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध, प्रवेश एवं निकास मार्ग, पार्किंग और वीआईपी मूवमेंट से जुड़े सभी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि कार्यक्रम के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था नहीं होनी चाहिए। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और प्रत्येक व्यवस्था का समय-समय पर निरीक्षण करते रहें। स्टेशन परिसर में चल रहे निर्माण और सौंदर्यीकरण कार्यों की भी समीक्षा की गई तथा उन्हें जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए।