जींद शहर से सटे गांव अहीरका में लगभग 200 एकड़ की पराली में संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई। आग लगने की सूचना दमकल विभाग को दी गई। सूचना के बाद दमकल विभाग की आठ गाड़ी मौके पर पहुंची और करीब चार घंटे की कड़ी मशक्त के बाद आग पर काबू पाया। अहीरका निवासी चांद राम ने बताया कि उन्होंने अपनी डेयरी फार्म पर 200 एकड़ की पराली एकत्रित की हुई थी। सुबह के समय उसमें संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने भयंकर रूप ले लिया। आग लगने की सूचना मिलते ही काफी लोग एकत्रित हो गए और पानी डालने लगे। साथ ही दमकल विभाग और डायल-112 की टीम को सूचना दी गई। दमकल गाडिय़ों ने आग पर काबू पाने की कोशिश की। एक के बाद एक आठ गाडिय़ां पहुंची और उन्होंने चार घंटे की मशक्त के बाद आग पर काबू पाया जा सका। चांद राम का कहना था कि उसको 12 लाख रुपये का नुकसान हो गया है।