इंडियन नेशनल लोकदल पार्टी ने किसानों की समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर लघु सचिवालय में डीसी को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान लघु सचिवालय तक प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पहुंचे। विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व इनेलो प्रदेशाध्यक्ष एवं जींद प्रभारी रामपाल माजरा ने किया। रामपाल माजरा ने डीसी को दिए ज्ञापन में कहा कि किसानों को बरसात के दौरान फसलों में हुए जलभराव का मुआवजा नहीं दिया गया। बार-बार मांग करने के बावजूद भी एमएसपी पर फसल नहीं खरीदी जा रही है। खाद व बीज किसानों को समय पर उपलब्ध नहीं हो रहा। किसानों की यह सभी मांग सरकार जल्द पूरी करे। प्रदेश सरकार किसानों को उनका हक देने की बजाए मंडी में किसान की फसल के साथ लूट कर रही है। भावांतर के नाम पर 500 से 800 रुपये के बीच कम मूल्य देकर के किसान को लूटा जा रहा है। प्राइवेट खरीदारों के द्वारा और सरकार भी भावांतर के नाम पर किसानों को कुछ नहीं दे रही है। इसी प्रकार से नमी के नाम पर भी धान में 300 से 400 रुपये प्रति कि्वंटल के हिसाब से कटौती की जा रही है। इसके विरोध में इनेलो कार्यकर्ताओं ने बाजुओं पर काली पट्टी बांधकर धरना व प्रदर्शन करने पर मजबूर होना पड़ रहा है।