हरियाणा के 60वें स्थापना दिवस पर शनिवार को चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय में जिला स्तरीय सांस्कृतिक उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण लाल मिड्डा ने बतौर मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम की अध्यक्षता मोहम्मद इमरान रजा ने की। इस दौरान पर पंचकूला में आयोजित तीन दिवसीय राज्य स्तरीय सांस्कृतिक उत्सव एवं प्रदर्शनी को लाइव दिखाया गया। पंचकूला में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में राज्यपाल डॉ. असीम घोष ने बतौर मुख्य अतिथि एवं मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बतौर अध्यक्ष शिरकत की। डॉ. कृष्ण ने कहा कि हरियाणा आज अपनी तरक्की, उपलब्धियों और विकास की कहानी गर्व से बयान कर रहा है। उन्होंने कहा कि 1966 में मात्र छह करोड़ रुपये के बजट से आरंभ हुआ हरियाणा आज निरंतर विकास के पथ पर अग्रसर है। खरखौदा में मारुति प्लांट की स्थापना, दस नई आईएमटी की घोषणा, 24 फसलों पर एमएसपी देने का वायदा पूरा करना और लाडो लक्ष्मी योजना के तहत 2100 की आर्थिक सहायता जैसी योजनाएं इसका उदाहरण हैं। उन्होंने बताया कि वृद्धजन पेंशन को 3200 मासिक तक बढ़ाकर सामाजिक सुरक्षा को सुदृढ़ किया गया है, वहीं डायल 112 सेवा, स्वामित्व योजना, और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया जैसे कदमों ने शासन में जनता के विश्वास को और मजबूत किया है। उन्होंने कहा कि आज जरुरतमंद परिवारों के बच्चे भी एचसीएस जैसी उच्च सेवाओं में स्थान प्राप्त कर रहे हैं, जो सरकार की पारदर्शी और समान अवसर की नीति का परिणाम है। उन्होंने हाल ही में आयोजित भर्ती परीक्षाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार, पुलिस, परिवहन और नागरिकों ने मिलकर विद्यार्थियों को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाने में सहयोग किया, जो जनसहभागिता और एकता का उत्कृष्ट उदाहरण है। कार्यक्रम के दौरान जिला स्तर पर छात्र-छात्राओं द्वारा एकल एवं समूह सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं, जिन्हें उपस्थित दर्शकों ने सराहा। डीसी मोहम्मद इमरान रजा ने मुख्य अतिथि डॉ. कृष्ण लाल मिड्डा को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। अंत में डीसी ने कार्यक्रम में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर एडीसी विवेक आर्य, एएसपी सोनाक्षी सिंह, एसडीएम सत्यवान मान, नगरायुक्त सुरेंद्र दून, नगराधीश मोनिका रानी मौजूद रहे।