हरियाणा विधानसभा के उपाध्यक्ष डॉ. कृष्ण मिड्ढा ने हरियाणा के मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर मांग की है कि उनके निजी सचिव मोहित शर्मा के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच निष्पक्ष करवाई जाए। उन्होंने इसकी जानकारी पत्रकार वार्ता कर दी। उन्होंने कहा कि जिस दिन जांच एजेंसी जांच शुरू करेगी उसी दिन वह अपने निजी सचिव को छुट्टी पर भेज देंगे, ताकि जांच प्रभावित न हो। उन्होंने कहा कि वह अपने निजी सचिव मोहित से भी जांच में सहयोग करवाएंगे। डॉ. कृष्ण मिड्ढा ने कहा कि सरकार जीरो टॉलरेंस नीति पर काम करती है और इस मामले में जो भी दोषी हो उस पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि हो सकता है कि वह अपने निजी सचिव के प्रति अंधेरे में हो और वह जांच में सभी बातें सामने आ जाएंगी। अगर शिकायतकर्ता गलत निकलता है तो उसके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।