जींद में सीएम फ्लाइंग टीम ने खेड़ी तलौड़ा गांव में अवैध रूप से चल रही घी की फैक्ट्री पर छापा मारकर भारी मात्रा में घी बरामद किया। छापेमारी के दौरान सीएम फ्लाइंग के डीएसपी पवन कुमार, उप निरीक्षक सतपाल सिंह, एएसआई चरण सिंह और फूड एंड सेफ्टी विभाग के डॉक्टर योगेश कादियान की टीम मौजूद रही। गुप्त सूचना के आधार पर टीम ने गांव खेड़ी तलौड़ा के एक घर में छापा मारा, जहां सिवाह निवासी अनिल द्वारा विभिन्न ब्रांडों के नाम से घी की पैकिंग की जा रही थी। छापेमारी में टीम को 500 लीटर वनस्पति घी, कामधेनू ब्रांड का 10 लीटर घाय का घी, और दीक्षा व शिक्षा ब्रांड का 10 लीटर देशी घी बरामद हुआ। फूड सेफ्टी विभाग की टीम ने घी के तीन सैंपल और चार-चार नमूने लिए। फैक्ट्री के मालिक से लाइसेंस मांगा गया, लेकिन वह कोई दस्तावेज पेश नहीं कर सका। डीएसपी पवन कुमार का बयान डीएसपी पवन कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर रेड की गई थी। मौके से मिले घी के सैंपल जांच के लिए लैब भेजे जाएंगे। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फैक्ट्री मालिक को बिना लाइसेंस के फैक्ट्री चलाने पर नोटिस दिया जाएगा।