गांव हथो के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय को शिक्षा क्षेत्र में बड़ी सौगात मिली है। हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने रविवार को विद्यालय परिसर में 2 करोड़ 35 लाख रुपये की लागत से बनने वाले नए शैक्षणिक भवन का भूमि पूजन कर शिलान्यास किया। इस अवसर पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि सर्व शिक्षा अभियान के तहत बनने वाले इस भवन में 19 कमरे बनाए जाएंगे। इनमें तीन आधुनिक विज्ञान प्रयोगशालाएं तथा छात्र-छात्राओं के लिए अलग-अलग चार-चार शौचालयों का निर्माण किया जाएगा। मंत्री ने कहा कि सरकार गांव, गरीब, किसान और आमजन के हितों को ध्यान में रखकर विकास कार्यों को प्राथमिकता दे रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, बिजली, पेयजल, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि पिछले करीब 18 माह में हथो गांव के विकास कार्यों के लिए 4 करोड़ 85 लाख रुपये से अधिक की राशि स्वीकृत की गई है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार ग्रामीण विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं तथा विकास कार्यों के लिए धन की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए विद्यालय परिसर में पौधारोपण भी किया। इस मौके पर जिला शिक्षा अधिकारी महेंद्र श्योराण, खंड शिक्षा अधिकारी संतोष शर्मा, एसडीओ भूपेंद्र कुमार, प्रधानाचार्य बलराज सिंह सहित अनेक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे