उचाना में आज सुबह 8 बजे से खाद की सरकारी दुकान पर लंबी लाइन किसानों की लगी हुई है। दरअसल किसानों को इस समय यूरिया खाद की आवश्यकता है।जिसके कारण किसान लगातार यूरिया खाद लेने के लिए मंडी में आ रहे हैं। हैफेड मैनेजर सत्यवीर ने बताया कि आज उचाना मंडी की सरकारी खाद बीज की दुकान पर 3000 बैग यूरिया के पहुंचे हैं। लगातार आ रहे किसानों को यूरिया खाद उपलब्ध करवाया जा रहा है। गेहूं में पहला पानी लगाने के बाद व लगातार बढ़ रहे कोहरे के कारण गेहूं को यूरिया की आवश्यकता है। फिलहाल पूरी मात्रा में किसानों को यूरिया खाद उपलब्ध करवाया जा रहा है। जिस भी व्यक्ति के नाम मेरी फसल मेरा ब्योरा के तहत पंजीकरण करवाया गया है उसी के आधार कार्ड पर 20 बैग दिए जा रहे हैं। किसान रामफल ने बताया कि जैसे ही उन्हें यूरिया खाद मिलने की सूचना मिली। वह खाद लेने के लिए मंडी पहुंचे। एक पंजीकरण 20 बैग दिया जा रहा है। किसान अपना आधार कार्ड लेकर दुकान पर पहुंच रहे हैं। किसानों को भरपूर मात्रा में यूरिया उपलब्ध हो रहा है।