शहर की प्रोफेसर कॉलोनी निवासी साढ़े तीन वर्षीय एक बच्ची की शनिवार को पानी की होद में डूबने से मौत हो गई। मृतका दिवन्या अपनी माता कोमल के साथ मायके में आई थी। देर को बच्ची का शव होद में मिला और रविवार को पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया। रोहतक निवासी दीपक ने बताया कि वे रोहतक के निवासी हैं और उनकी शादी दादरी के प्रोफेसर कॉलोनी निवासी कोमल से हुई थी। अब इस शादी से उन्हें एक डेढ़ वर्षीय बेटा और साढ़े तीन साल की बेटी दिवन्या थी। कोमल अभी गर्भवती हैं और इसके कारण वह मायके आई थी। दीपक भी उनके साथ आ गया और यहीं पर मजदूरी करने लगा। शनिवार को दिवन्या घर के बाहर खेल रही थी और सभी घर के लोग अंदर थे। उसी दौरान दीपक सामान लेने के लिए बाजार में आया था। परिजनों ने सोचा कि दीपक दिवन्या को लेकर गया है और उन्होंने बच्ची को नहीं संभाला। इसके बाद शाम करीब 5 बजे दीपक घर लौटा तो परिजनों ने पूछताछ की और बच्ची न मिलने पर अपने स्तर पर भी जांच की। सफलता न मिलने पर उन्होंने पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई और पुलिस जांच की तो घर से करीब 100 मीटर दूरी पर एक घर निर्माण कार्य जारी था। वहीं, पानी के लिए अस्थायी होद बनाई हुई थी। रात 8 बजे होद के पास जाकर देखा तो दिवन्या इसमें गिरी मिली। इसके बाद परिजनों ने उसे बाहर निकाला, लेकिन तब दिवन्या के शरीर में पानी जाने के कारण मौत हो चुकी थी। बाद में पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए शवगृह में रखवा दिया। रविवार को दीपक के बयान कागजी प्रक्रिया पूरी और इत्तफाकिया मौत की कार्रवाई की गई। जांच अधिकारी एएसआई बिजेंद्र सिंह ने बताया कि बच्ची का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया गया।