झज्जर में शुक्रवार अल सुबह से शुरू हुई बारिश देर शाम तक रुक-रुककर जारी रही। पूरा दिन गरज के साथ झमाझम बारिश होती रही। पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों पर सक्रिय होने से शुक्रवार अल सुबह ही बूंदाबांदी शुरू हो गई थी। दिन निकलने के साथ ही गरज के साथ तेज बारिश पूरा दिन होती रही। इससे जनजीवन बुरी तरह से प्रभावित हुआ। बारिश के चलते लोग जरूरी कार्य होन पर ही घर से निकले। सुबह से बारिश होने के चलते विद्यार्थियों को स्कूल जाने और फिर वापस आने में परेशानी हुई, क्योंकि मुख्य मार्गों पर पानी भरा हुआ था। शुक्रवार को बारिश गेहूं, सरसों सहित अन्य फसलों के लिए लाभकारी मानी जा रही है। बारिश के चलते अधिकतम तापमान 18 और न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग की माने तो 28 दिसंबर को भी इस मौसम प्रणाली का उत्तरी और पूर्वी हिस्सों पर असर देखने को मिलेगा। इस दौरान बादलों की आवाजाही और दिन के तापमान में गिरावट कोल्ड डे की स्थिति देखने को मिलेगी। 29 दिसंबर से इलाके में ठंड के ट्रिपल अटैक कोल्ड डे कोल्ड वेब और कोहरा अपने तेवरों को दिखाएगा। शहर के मुख्य मार्गों पर भरा पानी बारिश की वजह से शहर के मुख्य मार्गों पर पानी भर गया। शहर के बीकानेर चौक स्कूल के पास, हरिपुरा मोहल्ला, दमदमा मोहल्ला, बर्फखाना रोड, कोसली रोड, पुराना तहसील रोड, आर्य नगर, आंबेडकर चौक, नेताजी सुभाष चौक, सिलानी गेट, चौपटा बाजार, पुराना बस अड्डा रोड, छिकारा चौक से भगत सिंह चौक, धौड़ चौक, बैंक रोड पर बारिश का पानी जमा हो गया। इससे लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा।