माता भीमेश्वरी देवी मंदिर में हर माह की अष्टमी की तरह सोमवार को गुप्त नवरात्रों की अष्टमी को मां के दरबार में दर्शन करने के लिए भक्तों की भीड़ उमड़ी रही। माता भीमेश्वरी देवी मंदिर के दरबार में नवरात्र के अलावा हर माह मां अष्टमी के दिन पूजा-अर्चना के लिए आते है। मां के दरबार में अलसुबह से भक्तों की लाइन लगनी शुरू हो गई। सुबह करीब 5 बजे मां को अंदर वाले दरबार से बाहर वाले भवन में लाया गया, जहां पुजारी ने मंत्रोच्चारण के साथ स्नान करवाया। उसके बाद मंगला आरती करके मां के दर्शन भक्तों के लिए खोल दिए गए। उसके बाद मां के दर्शनों का सिलसिला दोपहर तक जारी रहा। मंदिर के पुजारी कुलदीप वशिष्ठ ने बताया कि हर माह अष्टमी के दिन मां के दरबार में भक्तों की भीड़ उमड़ती है। नवविवाहित जोड़ों ने गठजोड़े की जात, बच्चों के बाल उतरवाकर भक्तों ने पूजा अर्चना की। वहीं महिलाओं ने मां के मंदिर में पीपल के पेड़ पर धागा बांधकर मन्नत मांगी। मां के दरबार में भक्तों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो, इसको लेकर पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई। बेरी थाना प्रभारी विकास कुमार का कहना है कि माता मंदिर में हर माह अष्टमी को दर्शन के लिए मंदिर में आसपास क्षेत्र के श्रद्धालु मां के दरबार में माथा टेकने लिए पहुंचते हैं। भक्तों को साफ सुधरा वातावरण मिल सके इसके लिए पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगा दी जाती हैं।