झज्जर पुलिस द्वारा स्वतंत्रता दिवस समारोह की रिहर्सल को मद्देनजर रखते हुए पूरे जिले में सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए हैं। 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में जिला स्तरीय मुख्य समारोह नया बस अड्डा झज्जर के नजदीक रोडवेज कर्मशाला में आयोजित होगा तथा उपमंडल स्तर पर समारोह बादली, बेरी व बहादुरगढ़ में आयोजित किए जाएंगे। स्थानीय पुलिस द्वारा जिला मुख्यालय तथा उपमंडल स्तर पर होने वाले समारोह को शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए पुलिस कमिश्नर डॉ. राजश्री सिंह के दिशा निर्देश अनुसार सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। जिस संबंध में 13 अगस्त को फाइनल रिहर्सल होगी। झज्जर, बहादुरगढ़, बेरी व बादली क्षेत्र में अलग-अलग विशेष सुरक्षा नाके लगाए गए हैं। जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान हरियाणा रोडवेज कर्मशाला झज्जर के प्रांगण व आसपास के एरिया में सुरक्षा के मध्येनजर कड़ी निगाह रखी जाएगी। बस अड्डा झज्जर व रोडवेज कर्मशाला झज्जर के आसपास सुरक्षा के मध्येनजर समारोह के सम्पन्न होने तक नाकाबंदी करके संदिग्ध व्यक्तियों/वाहनों की जांच व प्रत्येक गतिविधि पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी। समारोह में आने वाले वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किग की व्यवस्था की गई है। सभी वाहनों को निर्धारित की गई पार्किग में खड़ा कराया जाएगा। अधिकारियो की गाड़ियों के लिए रोडवेज वर्कशॉप में पार्किग कि व्यवस्था की गई है। वहीं आमजन के वाहनों के लिए कर्मशाला के अंदर मंदिर के सामने, लॉरेंस स्कूल के सामने तथा नया बस अड्डा झज्जर में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। बस अड्डा व कर्मशाला के बाहर मुख्य मार्ग पर वाहन सुचारू रूप से चले इसके लिए जगह-जगह यातायात पुलिस की तैनाती की जाएगी। समारोह स्थल पर आने वाले प्रत्येक व्यक्ति को सुरक्षा के मध्येनजर तलाशी के बाद ही कर्मशाला के अंदर प्रवेश करने दिया जाएगा।