पुलिस सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से सर्च अभियान चला रही है। इसी क्रम में शुक्रवार को एसीपी अखिल कुमार और एसीपी सुरेंद्र कुमार की देखरेख में एक व्यापक सर्च अभियान संचालित किया गया। यह अभियान डॉग स्क्वाड की सहायता से करीब 50 पुलिस जवानों की टीममें ने विभिन्न महत्वपूर्ण एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में चलाया। अभियान की शुरुआत लघु सचिवालय परिसर से हुई, जहां पुलिस टीम ने आने-जाने वाले लोगों और वाहनों की गहन जांच की। इसके बाद टीम ने कोर्ट परिसर, सार्वजनिक स्थानों, बस स्टैंड, व रेलवे स्टेशन में भी सर्च अभियान चलाया। पुलिस कर्मियों ने डॉग स्क्वाड की मदद से वस्तुओं, बैग, वाहन तथा भीड़भाड़ वाले स्थानों में मौजूद व्यक्तियों की विशेष जांच की। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य शहर में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना, संदिग्ध व्यक्तियों एवं वस्तुओं की पहचान करना और किसी भी तरह की अवांछनीय गतिविधि को समय रहते रोकना है। शहरवासियों में सुरक्षा की भावना को बढ़ाना भी इस अभियान के प्रमुख उद्देश्यों में से एक है। एसीपी अखिल कुमार एवं एसीपी सुरेंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस कमिश्नर के निर्देशानुसार समय-समय पर ऐसे विशेष सर्च अभियान चलाए जाते रहेंगे। उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में सुरक्षा को लेकर सतर्कता अत्यंत आवश्यक है, इसलिए पुलिस पूरी प्रतिबद्धता के साथ चौकसी बरत रही है।पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या वस्तु दिखाई देने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें। आमजन की सहभागिता से ही सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सकता है। झज्जर पुलिस शहर में शांति व्यवस्था, सुरक्षा और नागरिकों के विश्वास को बनाए रखने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।