एमएसपी कानून बनाए जाने के समर्थन में पिछले काफी दिनों से खनौरी बाॅर्डर पर बैठे किसान नेता डल्लेवाल के समर्थन में शुक्रवार को भाकियू चढूनी ग्रुप संगठन के लोग भी उतर आए। यहां झज्जर के लघु सचिवालय में चढूनी संगठन की जिला इकाई के लोगोें ने यहां जिलाध्यक्ष ममता कादयान के नेतृ़त्व में धरना दिया और भूख हड़ताल की। किसान नेताओं ने अपनी भूख हड़ताल सुबह दस बजे से चार बजे तक रखे जाने की बात कही और कहा कि वह अपनी मांग को लेकर प्रधानमंत्री के नाम जिला प्रशासन को ज्ञापन भी सौंपने वाले है। संगठन की जिलाध्यक्ष ममता कादयान और पदाधिकारी सुमित छिक्कारा ने अपने अलग-अलग बयान में केन्द्र सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि किसान नेता डल्लेवाल साहब पिछले करीब 25 दिनों से एमएसपी कानून बनाए जाने को लेकर आमरण अनशन पर बैठे हुए है। लेकिन सरकार अपनी हठधर्मी नहीं छोड़ रही। उन्होंने हरियाणा में सभी फसलों पर एमएसपी दिए जाने के सरकार के वायदे को भी झुठलाया। उनका कहना था कि सरकार की झूठ बाेलने की फितरत बन चुकी है। सरकार को चाहिए कि अपनी हठधर्मी छोड़कर किसानों को एमएसपी देने का कानून बनाए।