प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 सितंबर को स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान की शुरुआत करेंगे। इस पहल का उद्देश्य महिलाओं और बच्चों के लिए बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं, जागरूकता और गुणवत्तापूर्ण देखभाल सुनिश्चित करना है। अभियान के अंतर्गत देशभर में स्वास्थ्य शिविर आयोजित होंगे और सभी आंगनवाड़ियों में पोषण माह मनाया जाएगा। साथ ही, 17 सितंबर से 2 अक्तूबर तक सेवा पखवाड़ा भी चलाया जाएगा। सिविल सर्जन झज्जर डॉ. जयमाला ने बताया कि इस अभियान के तहत आयुष्मान आरोग्य मंदिरों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) और अन्य स्वास्थ्य सुविधाओं में स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में विशेष तौर पर महिलाओं और बच्चों की जांच, उपचार और स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सेवाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी।कार्यक्रम के दौरान लगाए जाने वाले शिविरों में थैलेसिमिया जांच, कैंसर स्क्रीनिंग, उच्च रक्तचाप, मधुमेह, एनीमिया, मोतियाबिंद, दृष्टि बाधिता, क्षय रोग और सिकल सेल रोग आदि की जांच की जाएगी।