झज्जर के महर्षि दयानंद सरस्वती स्टेडियम में सोमवार को जिला स्तरीय गीता महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। इसकी शुरुआत हवन यज्ञ से हुई, जिसमें जिला नगर आयुक्त परवेश कादियान ने आहुति डाली। बाद में इसका शुभारम्भ डीसी प्रदीप दहिया और एडीसी सलोनी शर्मा ने किया। दोनों अधिकारियों ने सभी स्टाल का निरीक्षण किया और बातचीत कर जानकारी भी हासिल की। इसके बाद डीसी ने दीप प्रज्वालित कर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया। स्कूल के बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया। डीसी ने बताया कि जिला स्तरीय गीता महोत्सव 2024 के लिए महर्षि दयानंद सरस्वती स्टेडियम को खास तौर पर 'गीता पुरम' नाम दिया गया है। यह स्थान तीन दिन तक भक्ति, ज्ञान और संस्कृति का केंद्र बनेगा, जहां गीता के संदेश और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की छटा बिखरेगी। ‘गीता पुरम’ में भक्ति, ज्ञान और संस्कृति का अद्भूत संगम दिखेगा, जहां न केवल गीता के श्लोकों की पवित्र ध्वनि गूंजेगी बल्कि सांस्कृतिक कार्यक्रमों और शोभायात्राओं के माध्यम से श्रीमद्भगवद्गीता का संदेश जन-जन तक पहुंचेगा। महाआरती और दीपोत्सव का होगा आयोजन महोत्सव के दौरान प्रत्येक दिन महाआरती का आयोजन होगा। आज शाम को बाबा प्रसाद गिरी मंदिर, 10 दिसंबर को बहादुरगढ़ के इस्कॉन मंदिर और 11 दिसंबर को बेरी स्थित माता भीमेश्वरी देवी मंदिर में महाआरती का भव्य आयोजन होगा। इसके अलावा 11 दिसंबर को शाम के समय ग्राम पंचायतों द्वारा दीपोत्सव का आयोजन किया जाएगा।