पश्चिम बंगाल सहित पांच राज्यों के चुनाव को लेकर पूर्व उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कांग्रेस और भाजपा पर निशाना साधा है। उन्होंने वहां के मतदाताओं से इन चुनावों में रीजनल पार्टियों को जिताने की अपील की है। दुष्यंत चौटाला मंगलवार को पार्टी कार्यालय में जेजेपी के बैकवर्ड सैल के कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित करने पहुंचे थे। इसके बाद वह अनाज मंडी पहुंचे और व्यवस्थाओं को लेकर किसानों व आढ़तियों से मुलाकात की। उन्होंने कांग्रेस के प्रदेश व केंद्र के नेतृत्व पर अपना निशाना साधा। उन्होंने कहा कि इन दिनों न सिर्फ हरियाणा बल्कि केंद्र में भी कांग्रेस नेतृत्व एक तरह से कमजोर हाथों में है। जिस नेता ने प्रदेश में पूरी कांग्रेस का सत्यानाश कर दिया हो, उस पर पार्टी का नेतृत्व कोई फैसला हीं न ले पा रहा। राज्यसभा चुनाव को दुष्यंत चौटाला ने पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा की बेईमानी का हिस्सा बताया। दुष्यंत चौटाला ने कहा कि स्व. देवीलाल ही कहा करते थे कि रीजनल पार्टियां एक तरह से ओरिजनल पार्टियां होती है और वही अपने मतदाताओं का दुख-दर्द समझ सकती है। इसलिए वह चाहते हैं कि इन पांच राज्यों के चुनाव में वहां की रीजनल पार्टियां जीतकर आए और वहां की सरकारों का नेतृत्व करे। उन्होंने पांच राज्यों के चुनाव संपन्न होते ही पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ने का दावा किया। उन्होंने कहा कि ऐसा हुआ तो इसकी मार किसान और आमजन दोनों को झेलनी पड़ेगी। उन्होंने कहा कि मौजूदा हाल फसल की खरीद का समय चल रहा है, लेकिन सीएम नायब सैनी किसानों के लिए कुछ करने की बजाय पंजाब विस चुनाव में व्यस्त है। उन्होंने कहा कि हरियाणा की मंडियों में इन दिनों अव्यवस्था का आलम है और लस्टर लोस व बेमौसमी बरसात दोनों ही किसानों की परेशानी का कारण बने हुए है। इससे ऐसा लगता है कि जिन किसानों की फसल का भुगतान उनके समय में 48 घंटे में कर दिया जाता था, अब लगता है कि फसल खरीद के दस दिनों बाद तक भी किसानों का भुगतान होना मुश्किल है। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष बृज शर्मा, राजेंद्र लितानी, राकेश जाखड़, कर्नल राठी, संजय दलाल, उपेंद्र कादियान, शीला गोदारा, डॉ. विकास पराशर, मिंटू ठेकेदार, नसीब भारतीय मौजूद रहे।