दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा की हुई जीत पर झज्जर में पार्टी कार्यकर्ताओं ने जीत का जश्न मनाया। शहर के अंबेडकर चौक पर भाजपा के कार्यकर्ता पार्टी जिला अध्यक्ष राजपाल जांगड़ा के नेतृत्व में इकट्ठा हुए और एक दूसरे को बधाई देते हुए मुंह मीठा कराया। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने ढोल की थाप पर नाचते हुए जीत के जश्न की खुशियां मनाई। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने जलेबी से एक दूसरे का मुंह मीठा कराया। भाजपा जिला अध्यक्ष राजपाल जांगड़ा, नगर परिषद के चेयरमैन जिले सिंह सैनी, जिला परिषद के चेयरमैन कप्तान बिरधाना ने इस मौके पर दिल्ली विधानसभा चुनाव की जीत का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों को दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह दिल्ली में हुई भाजपा की जीत के लिए विशेष रूप से बधाई के पात्र हैं। उन्होंने कहा कि 12 साल के राज में अरविंद केजरीवाल की सरकार ने दिल्ली को बर्बाद करने का काम किया है। भाजपा का 27 साल का सूखा इस जीत से दूर हुआ है। उन्होंने कहा कि हरियाणा निकाय चुनाव में भी भाजपा की जीत का डंका बजाने वाला है और दिल्ली विधानसभा चुनाव की तरह हरियाणा में होने वाले निकाय चुनाव में भाजपा जीत का परचम लहराने वाली है। उन्होंने यह भी कहा कि दिल्ली की जनता ने पूर्ण बहुमत भाजपा की झोली में डालकर यह साबित कर दिया है कि विपक्ष की झूठ और लूट की नीति ज्यादा दिनों तक चलने वाली नहीं है।