झज्जर। सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि भाजपा नेताओं की भाषा और शब्दावली बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि उन्हें शर्म आती है, जब वह भाजपा नेताओं के युवाओं के प्रति दिए गए बयान सुनते हैं। वह शनिवार को झज्जर से रोहतक जाते हुए पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। इससे पहले वह गांव सुर्खपुर में अंडर-23 नेशनल चैंपियनशिप की कुश्ती स्पर्धा में स्वर्ण पदक विजेता पहलवान तुषार के सम्मान में आयोजित स्वागत समारोह में शामिल हुए और खिलाड़ी व उसके परिवार को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस दौरान विधायक गीता भुक्कल, विधायक कुलदीप वत्स मौजूद रहे। सांसद ने कहा कि भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ने रोहतक में युवाओं के लिए जिन शब्दों का इस्तेमाल किया, वह किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने कहा कि वह उन शब्दों को दोहराना भी नहीं चाहते। इसके अलावा डिप्टी स्पीकर कृष्णा मिढ़ा और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के हालिया बयानों पर भी उन्होंने आपत्ति जताई। हुड्डा ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार युवाओं के घावों पर मरहम लगाने की बजाय उनके जख्मों पर नमक छिड़कने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार को युवाओं की भावनाओं का सम्मान करते हुए उनके सवालों का जवाब देना चाहिए। कांग्रेस विपक्ष की भूमिका निभाते हुए युवाओं की आवाज लगातार उठाती रहेगी और उनके अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रखेगी।