नागरिक अस्पताल के जिला कॉन्फ्रेंस हाल में निदेशक एवं सिविल सर्जन डॉ. ब्रह्मदीप सिंह की अध्यक्षता में एक पीसी पीएनडीटी व अन्य कार्यक्रमों को लेकर वर्कशॉप का आयोजन किया गया। वर्कशॉप में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन झज्जर के पदाधिकारी, प्राइवेट हॉस्पिटल एवं सभी अल्ट्रासाउंड सेंटरों के संचालक मौजूद रहे। वर्कशॉप में पीएनडीटी नोडल अधिकारी डॉ. संदीप कुमार ने सभी संचालकों को सरकार के नए नियम से अवगत करवाया, जिसके तहत अब गर्भवती महिलाओं को अल्ट्रासाउंड करवाने के लिए अपने नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर पंजीकरण करवाना अनिवार्य होगा। पंजीकरण उपरांत गर्भवती महिला को एक आरसीएच आईडी दी जाएगी, और गर्भवती महिला को यह आईडी अल्ट्रासाउंड सेंटर पर साथ लेकर जानी होगी। सभी अल्ट्रासाउंड सेंटरों को गर्भवती महिला के बाकी रिकॉर्ड के साथ आरसीएच का रिकॉर्ड भी रखना होगा। जिला टीबी नियंत्रण अधिकारी डॉ. कुणाल ने प्राइवेट अस्पताओं एवं लैब जहां टीबी मरीजों की जांच या इलाज होता है, वहां से सभी टीबी मरीजों का निक्षय पोर्टल द्वारा नोटिफिकेशन करने बारे निर्देश दिए।