झज्जर जिले के मलिकपुर गांव के पास खोखे में बने शराब ठेके को अज्ञात आरोपियों ने गुरुवार को आग लगा दी। इस हादसे में ठेके के अंदर बैठा युवक बुरी तरह से झुलस गया। जानकारी के मुताबिक ठेके पर खिड़की से अंदर पहले पेट्रोल गया और उसके बाद माचिस की तिली लगाकर आग लगाई गई। आग लगने से शराब के ठेके को नुकसान पहुंचा है। घायल की पहचान उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर निवासी अनुज के तौर पर हुई है। पुलिस ने मौके के मुआयना कर स्थिति का जायजा लिया है। फिलहाल पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।