हांसी : भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष रिचा पाहवा आज प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार हांसी पहुंचीं। यहां उन्होंने महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं के साथ संगठनात्मक परिचय बैठक की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। रिचा पाहवा ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद पूरे हरियाणा में उनका प्रवास चल रहा है। उनका प्रयास रहेगा कि अधिक से अधिक महिलाओं को पार्टी के साथ जोड़ा जाए और केंद्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी घर-घर तक पहुंचाई जाए। उन्होंने कहा कि जल्द ही प्रदेश की टीम का गठन किया जाएगा। इसके बाद जिला अध्यक्षों और उनकी कार्यकारिणी तथा मंडल अध्यक्षों और मंडल कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा। उनका लक्ष्य एक मजबूत महिला मोर्चा तैयार करना है, जो पार्टी की नीतियों और सरकार की उपलब्धियों को मजबूती से जनता तक पहुंचाए। रिचा पाहवा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में महिला सशक्तिकरण के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाएं चलाई जा रही हैं। इनमें उज्ज्वला योजना, लखपति दीदी योजना और ड्रोन दीदी योजना प्रमुख हैं। उन्होंने कहा कि लोकसभा और विधानसभा में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का ऐतिहासिक निर्णय भी भाजपा सरकार की महिला सशक्तिकरण के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने महिलाओं को केवल वादों तक सीमित नहीं रखा, बल्कि उन्हें संगठन और सरकार में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां देकर सम्मान दिया है। राष्ट्रपति, केंद्रीय वित्त मंत्री और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष के रूप में महिलाओं की भूमिका इसका उदाहरण है। रिचा पाहवा ने कहा कि भाजपा की आधी आबादी पार्टी और सरकार के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे रही है। उन्होंने महिला कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक महिलाओं को संगठन से जोड़ने और पार्टी को और मजबूत बनाने का आह्वान किया।