भ्रष्टाचार निरोधक दस्ता (एसीबी) ने रिश्वत प्रकरण में सीआईए-2 के सिपाही संदीप कुमार को मंगलवार अदालत के आदेश पर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। वहीं, चीफ ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट राजीव की अदालत ने आरोपी एएसआई रहे संदीप सिहाग, एसआई नरसी व बिचौलिया रमेश ढाका पर 20-20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। इस मामले में सीआईए 2 के इंचार्ज इंस्पेक्टर कपिल सिहाग, सिपाही अजय को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। एसीबी ने शिकायत के आधार पर 24 अक्तूबर 2024 को सेक्टर 1-4 में छापा मारकर लितानी निवासी अमन से 5.80 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए उसी के गांव के रिछपाल को गिरफ्तार किया था। रिछपाल बिचौलिये की भूमिका निभा रहा था। पेट्रोल पंप संचालक अमन ने एसीबी को शिकायत में बताया था कि सीआईए-2 के मुलाजिम उसे सरकारी गाड़ी में जबरन बैठाकर ले गए और मेला ग्राउंड सेक्टर-21 में ले जाकर प्रताड़ित किया। आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने रुपये नहीं देने पर मुकदमे में फंसाने की धमकी दी।