नवीन शर्मा हांसी। हरियाणा सरकार के व्यापार कल्याण बोर्ड के चेयरमैन राजेश ठकराल सोमवार को हांसी पहुंचे। हांसी भाजपा कार्यकर्ताओं उनका स्वागत किया। व्यापारियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और भरोसा दिलाया कि सरकार व्यापारियों के हितों की रक्षा तथा उनकी समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। राजेश ठकराल ने कहा कि शहर में सफाई व्यवस्था, सीवरेज और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि हांसी के कई इलाकों में आज भी घरों में गंदा पानी पहुंचने की शिकायतें मिल रही हैं, जिन्हें गंभीरता से लिया गया है। उन्होंने जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि यदि अधिकारियों ने अपनी जिम्मेदारी ईमानदारी से नहीं निभाई तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। जरूरत पड़ने पर तबादले भी किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है और गंदे पानी की समस्या का जल्द समाधान कराया जाएगा। भाजपा नेत्री वीना चौधरी ने कहा कि हांसी आगमन पर व्यापार कल्याण बोर्ड के चेयरमैन राजेश ठकराल का स्वागत किया गया। उन्होंने कहा कि व्यापारियों ने सरकार के कार्यों की सराहना करते हुए विश्वास जताया है कि उनके हितों से जुड़े कार्य तेजी से आगे बढ़ेंगे। वहीं भाजपा नेता गोदारा ने कहा कि चेयरमैन राजेश ठकराल व्यापारियों के हितों के लिए सक्रिय रूप से कार्य करेंगे और उनकी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर कराया जाएगा।