हांसी बाइट : डीएसपी रविंद्र सांगवान हांसी के चर्चित रेड जिम संचालक कपिल रेड्डू हत्याकांड में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। हत्याकांड में अहम भूमिका निभाने वाले आरोपी रोहित उर्फ बच्चू को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पैर में गोली लगी है और उससे हथियार भी बरामद किए गए हैं। घायल आरोपी को पहले हांसी के नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।पुलिस के अनुसार रोहित के खिलाफ पहले से भी पांच आपराधिक मामले दर्ज हैं। आपको बता कि 11 जून को फव्वारा चौक के पास बाइक सवार बदमाशों ने रेड जिम संचालक कपिल रेड्डू की गोलियों से भूनकर हत्या कर दी थी। इस मामले के दो मुख्य आरोपी प्रवेश और हिमांशु पहले ही हरियाणा एसटीएफ और दिल्ली पुलिस की संयुक्त मुठभेड़ में मारे जा चुके हैं। अब रोहित की गिरफ्तारी को पुलिस इस हाई-प्रोफाइल हत्याकांड की जांच में बड़ी सफलता मान रही है। हांसी के डीएसपी रविंद्र सांगवान ने बताया कि बुधवार देर रात करीब एक बजे सीआईए-2 टीम को सूचना मिली थी कि भिवानी जिले के गांव भूरटाना निवासी आरोपी रोहित उर्फ बच्चू गांव पुठी मंगल खां की तरफ जा रहा है। सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर कप्तान सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी कर दी। पुलिस को देखते ही आरोपी ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी गोली चलाई। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की गाड़ी पर भी एक गोली लगी, जबकि जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लग गई। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक पिस्टल, दो मैगजीन और 12 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इस मामले में सदर थाना में नया केस दर्ज किया गया है। जांच में सामने आया है कि 11 जून को हुए कपिल रेड्डू हत्याकांड में रोहित ने हत्या में इस्तेमाल हथियार की व्यवस्था की थी और कपिल रेड्डू की रेकी भी की थी। वह मुख्य आरोपी सुंदर के लगातार संपर्क में भी था। पुलिस अब आरोपी को रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी, जिससे इस सनसनीखेज हत्याकांड में और अहम खुलासे होने की उम्मीद है।