हॉकी हरियाणा संस्था की ओर से एस्ट्रोटर्फ मैदान पर महिलाओं की राज्यस्तरीय प्रतियोगिता के चौथे दिन मंगलवार को आठ मैच खेले जाएंगे। सब जूनियर वर्ग का खिताबी मुकाबला हिसार और सोनीपत के बीच शाम 4 बजे होगा। इससे पहले खेले गए सेमीफाइनल में रोहतक की टीम ने फतेहाबाद को 11-0 से हराया। वहीं सब जूनियर वर्ग के पहले सेमीफाइनल में सोनीपत ने जींद को 8-0 से हराया। सब जूनियर के दूसरे सेमीफाइनल में हिसार की टीम ने फतेहाबाद को 5-2 से हराया। हिसार की खिलाड़ी अंतिका ने हैट्रिक लगाकर जीत में अहम भूमिका निभाई। इसके अलावा सीनियर वर्ग में हिसार ने करनाल को 3-0 से हराया। दिन का आखिरी मैच जूनियर वर्ग का हुआ। इसमें कुरुक्षेत्र ने भिवानी की टीम को 5-0 से पराजित किया। हॉकी हिसार के महासचिव प्रोफेसर डा. आजाद मलिक ने बताया कि संजीव गंगवा मुख्य अतिथि रहे। इनके साथ मार्केट कमेटी के चेयरमैन रविंद्र रॉकी, सुभाष सरपंच, जाट धर्मशाला के प्रधान संजीव कुहाड़, प्रवीन शर्मा, नरेंद्र सिंह जागलान, जयवीर जागलान विशिष्ट अतिथि रहे।