संवाद न्यूज एजेंसी हांसी। गांव चानौत में शहर के लिए जाने वाली भाखड़ा पेयजल पाइपलाइन योजना से टी-कनेक्शन की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन के 45वें दिन महापंचायत हुई। जिसमें ग्रामीणों सहित खाप, किसान, आस पास की ग्राम पंचायतों व सामाजिक संगठनों ने भाग लिया। इस दौरान 3 जुलाई को प्रदेशभर में जिला मुख्यालयों पर ज्ञापन देने, 4 जुलाई को मानव श्रृंखला बनाने व 6 जुलाई को सांकेतिक रोड जाम करने का ऐलान किया। धरने पर किसान नेता सुरेश कौथ, विकास सीसर, कांग्रेस नेता मनोज राठी, इनेलो नेता उमेद लोहान, आप नेता राजेंद्र सोरखी सहित कई किसान नेता, खाप प्रतिनिधि व आस पास की ग्राम पंचायतों से लोग पहुंचे। दोपहर दो बजे धरना कमेटी के सदस्यों ने किसान नेताओं, खाप प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। बैठक में आंदोलन को मजबूत करने के लिए निर्णय लिए गए। धरना कमेटी के सदस्य अनूप सिंह चानौत ने बताया कि 3 जुलाई को पानी की मांग को लेकर प्रदेशव्यापी ज्ञापन दिया जाएगा। हरियाणा प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर विभिन्न किसान संगठन, खापें और सामाजिक संगठन आपस में तालमेल स्थापित कर चानौत गांव की पानी की मांग के समर्थन में ज्ञापन सौंपेंगे। 4 जुलाई को मानव श्रृंखला बनाई जाएगी व ट्रैक्टर मार्च निकाला जाएगा। चानौत गांव में जलघर से लेकर धरना स्थल तक, करीब डेढ़ किलोमीटर लंबी मानव श्रृंखला बनाई जाएगी। इसके साथ ही, रोघी खाप के सभी 24 गांवों के लोग अपने-अपने ट्रैक्टरों के साथ ट्रैक्टर मार्च निकालते हुए चानौत गांव पहुंचेंगे व आंदोलन को अपना समर्थन देंगे। यदि सरकार की तरफ से 5 जुलाई तक भी मांगें पूरी नहीं की जाती हैं, तो 6 जुलाई को दोपहर एक बजे से तीन बजे तक सांकेतिक रोड जाम किया जाएगा।