नगर परिषद कर्मचारियों की लगातार जारी हड़ताल का असर अब शहर की सफाई व्यवस्था पर साफ दिखाई देने लगा है। हांसी में कई दिनों से सफाई व्यवस्था प्रभावित होने के कारण सड़कों, बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर कूड़े के बड़े-बड़े ढेर लग गए हैं। हालात ऐसे हो गए हैं कि शहर के कई प्रमुख इलाकों में लोगों को कचरे और बदबू के बीच से होकर गुजरना पड़ रहा है।हांसी बीजेपी विधायक विनोद भयाना की कोठी के नजदीक भी कूड़े के ढेर लगे है। आपंको बता दे कि उमरा गेट, चौपटा बाजार चौक, पुराना बस स्टैंड रोड समेत शहर के कई इलाकों में जगह-जगह कूड़े के ढेर नजर आ रहे हैं। तस्वीरों में दिखाई दे रही गंदगी किसी डंपिंग स्टेशन की नहीं, बल्कि शहर के प्रमुख बाजारों और आम आवाजाही वाले स्थानों की है। कूड़ा कई दिनों से पड़ा होने के कारण दुर्गंध फैल रही है, जिससे दुकानदारों, राहगीरों और स्थानीय निवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शहरवासियों का कहना है कि गर्मी के मौसम में खुले में पड़े सड़ते कूड़े से दुर्गंध के साथ-साथ बीमारी फैलने का खतरा भी बढ़ रहा है। लोगों ने प्रशासन से जल्द सफाई व्यवस्था बहाल करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि जल्द कूड़ा नहीं उठाया गया तो स्थिति और गंभीर हो सकती है। चौपटा चौक पर दुकानदार भप्पी जैन ने बताया कि कई दिनों से सफाई नहीं हो रही है। उन्होंने कहा कि दुकानदारों और आम लोगों को बदबूदार माहौल में रहने और काम करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। उन्होंने सरकार और प्रशासन से कर्मचारियों की मांगों का जल्द समाधान कर हड़ताल समाप्त करवाने की अपील की। वहीं स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि सफाई व्यवस्था को लेकर प्रशासन और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की ओर से अपेक्षित कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। लोगों का कहना है कि सरकार को कर्मचारियों की मांगों पर जल्द निर्णय लेना चाहिए, ताकि शहर में सफाई व्यवस्था सामान्य हो सके। हांसी के विधायक विनोद भयाना ने भी शहर में लगे गंदगी के ढेरों को लेकर कहा कि सरकार को कर्मचारियों की मांगें मानकर समस्या का समाधान करना चाहिए, ताकि शहर की सफाई व्यवस्था बहाल हो सके। बहरहाल, नगर परिषद कर्मचारियों की हड़ताल के चलते हांसी में सफाई व्यवस्था बदहाल है। शहरवासियों ने प्रशासन से जल्द समाधान निकालने और शहर से कूड़े के ढेर हटवाकर सफाई व्यवस्था सुचारु करने की मांग की है।