पहलगाम से लेकर सीजफायर और अमेरिका की मध्यस्थता जैसे तमाम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा के लिए केंद्र की बीजेपी सरकार को संसद का विशेष सत्र बुलाना चाहिए ताकि देश की जनता को सच्चाई पता चल सके। यह कहना है पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा का, जो रविवार को कांग्रेस नेता राजेंद्र सूरा के आवास पर पत्रकार के सवालों का जवाब दे रहे थे। इस मौके पर उन्होंने कहा कि पिछले 2 कार्यकाल की तरह भाजपा सरकार का तीसरा कार्यकाल भी हर मोर्चे पर विफल साबित हुआ है। एक बार फिर फसली सीजन में किसानों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। खरीद से लेकर उठान और भुगतान में सरकार ने देरी की। कई बार किसान की फसल बेमौसमी बारिश की भेंट चढ़ी। इसके अलावा पंजाब से हरियाणा के हिस्से का पानी लेने में भी बीजेपी सरकार विफल साबित हुई है। कांग्रेस ने सर्वदलीय बैठक में विधानसभा का विशेष सत्र बुलाए जाने की मांग उठाई थी, ताकि पंजाब पर पूरा दबाव बनाया जा सके। मगर इस मसले पर भी बीजेपी टालमटोल करती हुई नजर आई। भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस कार्यकाल के दौरान हरियाणा विकास के हर पैमाने में नंबर वन था। लेकिन बीजेपी ने आज उसे बेरोजगारी, अपराध, नशे और गरीबी में नंबर वन बना दिया है। इसलिए अगर इस सरकार की परफॉर्मेंस को आंका जाए तो जीरो से भी कम नंबर मिलेंगे। इस अवसर पर हिसार सांसद जयप्रकाश, उकलाना विधायक नरेश सेलवाल, आदमपुर विधायक चंद्रप्रकाश,नारनौंद विधायक जस्सी पेटवाड़, प्रदेश सिनियर प्रवक्ता बजरंग गर्ग, जिला परिषद के पूर्व चेयरमैन डॉ. राजेंद्र सूरा आदि मौजूद रहे।