हांसी। भारत-अमेरिका ट्रेड डील के विरोध में सोमवार को किसानों ने हांसी के लघु सचिवालय पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया। किसान गिरफ्तारी देने के लिए लघु सचिवालय पहुंचे। प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने मौके पर मौजूद किसानों को हिरासत में लिया। किसान नेताओं का कहना है कि भारत सरकार द्वारा अमेरिका के साथ की जा रही ट्रेड डील किसानों और कृषि क्षेत्र के हित में नहीं है। इसी के विरोध में किसानों ने प्रदर्शन करते हुए गिरफ्तारी देने का ऐलान किया।प्रदर्शन को देखते हुए लघु सचिवालय परिसर में पुलिस बल तैनात रहा। किसान यूनियन नेता धर्मपाल बड़ाला ने कहा कि किसान गिरफ्तारी देने के लिए आए हैं और जेल जाने से पीछे नहीं हटेंगे। उन्होंने कहा कि ट्रेड डील के साथ-साथ बिजली विभाग के निजीकरण के खिलाफ भी किसान और मजदूर मिलकर विरोध कर रहे हैं। धर्मपाल बड़ाला ने कहा कि सरकार की नीतियों के खिलाफ किसानों और मजदूरों का आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने ऐलान किया कि आज से जेल आंदोलन की शुरुआत हो गई है। किसान अपनी मांगों को लेकर गिरफ्तारी देने और जेल जाने के लिए तैयार हैं।