जाट एजुकेशन सोसायटी के चुनाव का शेडयूल घोषित कर दिया गया है। बुधवार को जाट एजुकेशन सोसायटी मैनेजमेंट ऑफिसर में मीडिया से बातचीत करते हुए रिटर्निंग ऑफिसर एडवोकेट प्रदीप सिंह बाजिया, सहायक रिटर्निंग ऑफिसर एडवोकेट अनिल श्योराण ने चुनाव की तारीखों का एलान किया। उन्होंने बताया कि 12 अप्रैल को कॉलेजियम सदस्यों के चुनाव होंगे। कुल 296 कॉलेजियम सदस्य चुने जाएंगे। कॉलेजियम सदस्य चुने जाने के बाद कार्यकारिणी का चुनाव का शेडयूल घोषित होगा। जाट एजुकेशन सोसायटी के प्रधान दिलदार सिंह पुनिया ने बताया कि एजुकेशन सोसायटी के सदस्यों का कार्यकाल पूरा हो रहा है। जिसके चलते नई कार्यकारिणी के चुनाव का एलान किया गया है। एडवोकेट प्रदीप सिंह बाजिया को चुनाव अधिकारी तथा एडवोकेट अनिल श्योराण को सहायक चुनाव अधिकारी नियुक्त किया है। एडवोकेट प्रदीप सिंह बाजिया ने बताया कि जाट एजुकेशन सोसायटी में कुल 14605 सदस्य हैं। यह सभी सदस्य वोट का प्रयोग कर 296 कॉलेजियम सदस्यों को चुनेंगे। हर एक वार्ड में 45 से 50 सदस्य शामिल किए गए हैं। 12 अप्रैल को कॉलेजियम सदस्यों के चुनाव के लिए वोटिंग होगी। सुबह 9 से शाम 4बजे तक मतदान होगा।उसी दिन मौके पर ही मतगणना के बाद कॉलेजियम सदस्यों का रिजल्ट घोषित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि फर्म एंड सोसायटी एक्ट का पालन करते हुए चुनाव की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। उन्होंने बताया कि पिछली बार करीब 95 प्रतिशत मतदान हुआ था। इस बार भी इतना ही मतदान प्रतिशत रहने की उम्मीद है।