कड़ाके की सर्दी के साथ घने कोहरे का कहर जारी है। शुक्रवार की सुबह हिसार के बरवाला क्षेत्र में खेदड़ थर्मल प्लांट के पास घने कोहरे के कारण एक डंपर ने रोडवेज बस को टक्कर मार दी। बस में करीब 70 यात्री सवार थे, जिनमें से कुछ को हल्की चोटें आई हैं। यह हादसा सुबह करीब 8:15 बजे हुआ, जब गांव चमारखेड़ा से हिसार आ रही रोडवेज बस (नंबर 39 जीवी 9187) खेदड़ थर्मल पावर प्लांट के पास से गुजर रही थी। एक होटल से निकल रहे डंपर ने बस की साइड में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बस का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। दो सीटों पर बैठे यात्री मामूली रूप से घायल हो गए।