गांव शिकारपुर गांव के जलघर में पिछले करीब एक महीने से गंदा पानी भरा हुआ है। जिस कारण लोगाें को पीने के पानी के लिए बोरवेल या कुओं का सहारा लेने को मजबूर होना पड़ रहा है। जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के मंत्री रणबीर गंगवा के विधानसभा क्षेत्र के इस गांव के लोगों ने स्वच्छ पेयजल की गुहार लगाई है। ग्रामीणों ने बताया कि सितंबर महीन में बारिश व जलभराव के बाद गांव के जलघर में गंदा पानी भर गया था। अब गांव के एरिया से काफी हद तक पानी की निकासी हो चुकी है। जलघर में भरे पानी को अब तक नहीं निकाला गया है। गंदा पानी भर जाने के कारण अब पानी सड़ने लगा है। जिस कारण लोगाें को स्वच्छ पानी की आपूर्ति नहीं हो पा रही। जलघर में मरे हुए पक्षी भी पड़े दिखाई दे रहे हैं। काफी दिनों से एक पेड़ भी जलघर में गिरा हुआ है। जलघर की दीवारों के कुछ हिस्से टूट कर अंदर की ओर गिर रहे हैं। जागरूक ग्रामीण सुभाष ने बताया कि पेयजल की स्वच्छता को लेकर मानकों का पालन नहीं किया जा रहा। जिस कारण लोगों में डर बना हुआ है। गंदे पानी की आपूर्ति से बीमार होने का डर सता रहा है। पिछले दिनों कुछ लोगों को दूषित पेयजल आपूर्ति के चलते पेट दर्द, सिर दर्द आदि की शिकायत भी हुई थी। इसके बाद भी जनस्वास्थ्य विभाग की ओर से जलघर की सफाई को लेकर कोई ध्यान नहीं दिया गया।