कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि वोट चोरी के मुद्दे को लेकर हम सुप्रीम कोर्ट नहीं जनता की अदालत में जाएंगे। संविधान को दिखाते हुए उन्होंने कहा कि यह लोकतंत्र और संविधान को बचाने की लड़ाई है। बूथ स्तर तक तक संगठन को खड़ा करेंगे। आने वाले चुनाव में किसी तरह की गड़बड़ी नहीं होने देंगे। हमारे बूथ लेवल एजेंट हर एक वोट की निगरानी करेंगे। हम जनता को भी जागरूक करेंगे। कांग्रेस भवन में आयोजित जिला स्तरीय वोट चोर गद्दी छोड़ अभियान में पहुंचे कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि बिहार में भी वोट चोरी करने का काम किया गया। चुनाव आयोग स्वतंत्र नहीं रह पाया। इस कारण हम जनता की अदालत में जा रहे हैं। चुनाव आयोग भाजपा का एजेंट बन गया है। भाजपा चुनाव आयोग की प्रवक्ता बन गई है। हम चुनाव आयोग से सवाल पूछते हैं तो भाजपा जवाब देती है। लोग परिवर्तन चाहते हैं परिवर्तन हो कर रहेगा। जनता जागरूक हो रही है। हम हर एक वोट की पहरेदारी करेंगे। हरियाणा की धरती कमजोर लोगाें की धरती नहीं है।हमारा अभियान चलता रहेगा कहीं पर भूपेंद्र सिंह हुड्डा, कहीं दीपेंद्र हुड्डा, कहीं कुमारी सैलजा,कहीं रणदीप सुरजेवाला साथ रहेंगे। जिला स्तर के बाद विधानसभा स्तर तक जाएंगे। रोहतक के सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि भाजपा ने हर एक तरीके से चुनाव को प्रभावित किया। भाजपा ने धन बल, सत्ता बल ,मीडिया बल का प्रयोग कर जन भावनाओं के विपरित सरकार बनाई। हम जनता की लड़ाई लड़ने के लिए फिर से तैयार हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा से प्रभावित मीडिया रोजाना हमारी आलोचना करता है। जब तक भाजपा हमें निशाने पर ले रही है तो आप समझना हम आपकी लड़ाई लड़ रहे हैं। अगर मीडिया हमारी तारीफ करने लगे तो समझना हम लड़ाई नहीं लड़ रहे।