मुख्यमंत्री उड़नदस्ता (सीएम फ्लाइंग) की टीम ने बुधवार को जिले के विभिन्न धर्मकांटों पर छापामार कार्रवाई की। यह अभियान सीएम फ्लाइंग इंचार्ज सुनैना के नेतृत्व में चलाया गया, जिसमें मापतोल विभाग और खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के अधिकारियों ने मिलकर उकलाना और बरवाला क्षेत्र के धर्मकांटों की जांच की। इस कार्रवाई में धर्मकांटों की पूरी डिटेल ली गई और मापतोल विभाग के इंस्पेक्टर जयपाल सिंह, खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के अधिकारी सुभाष चंद्र और मनोज कुमार की टीम ने अनाज मंडी के आसपास के धर्मकांटों पर विशेष ध्यान दिया। सीएम फ्लाइंग इंचार्ज सुनैना ने बताया कि प्रदेश सरकार के कड़े आदेशों के तहत किसानों के साथ किसी भी प्रकार की हेराफेरी नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने कहा, "अनाज मंडी में गेहूं और सरसों की फसल की आवक हो रही है, इस दौरान धर्मकांटों पर तुलाई का काम व्यापक स्तर पर होगा। हम यह सुनिश्चित करेंगे कि किसी किसान के साथ उसकी फसल के वजन में कोई गड़बड़ी न हो।" अधिकारियों ने जिलेभर में धर्मकांटों पर औचक निरीक्षण किया और मुख्यालय को विस्तृत रिपोर्ट भेजी। फिलहाल किसी धर्मकांटे में तुलाई में कोई गड़बड़ी नहीं पाई गई है।