क्षेत्र के गांव ब्राह्मणवाला में उस वक्त शोक की लहर दौड़ गई, जब गांव के एक 35 वर्षीय युवक की नहर में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान गुरदास सिंह के रूप में हुई है, जो गांव के पूर्व सरपंच जरनैल सिंह का पुत्र था।परिजनों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरदास पेशे से किसान था। शुक्रवार शाम करीब 4 बजे वह गेहूं की कटाई के लिए कंबाइन का प्रबंध करने हेतु पास के गांव नंगल गया था। बताया जा रहा है कि नंगल और हाकमवाला के बीच उसने कुछ जमीन ठेके पर ले रखी है। इसी खेत में काम के दौरान जब वह पानी पीने के लिए साथ लगती छोटी नहर के पास गया, तो अचानक उसका पैर फिसल गया। नहर में पानी का बहाव तेज होने के कारण वह खुद को संभाल नहीं पाया और पानी में बह गया।देर शाम तक जब गुरदास घर नहीं लौटा, तो ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू की। काफी मशक्कत के बाद उसका शव नंगल गांव के पास ही छोटी नहर के किनारे बरामद हुआ। इस दुखद घटना के बाद पूरे गांव और आसपास के क्षेत्र में सन्नाटा पसरा हुआ है।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर रतिया के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। ब्राह्मणवाला चौकी इंचार्ज दलबीर सिंह ने बताया की पुलिस ने मृतक के पिता जरनैल सिंह के बयानों के आधार पर इत्तफाकिया कार्रवाई दर्ज कर शनिवार को शव का पोस्टमार्टम करवाकर उसे अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मौत के सटीक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगी।