टोहाना ब्लॉक के प्राइवेट स्कूल संघ ने नियम 134-ए के तहत राशि का भुगतान न होने पर रोष जताया है। संघ के प्रधान रणधीर पुनिया ने बताया कि टोहाना के लगभग 40 निजी स्कूल हर साल गरीब बच्चों को 134-ए के तहत निशुल्क शिक्षा दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा इसके लिए हर साल दो किश्तों में राशि जारी की जाती है, लेकिन टोहाना ब्लॉक के स्कूलों को पिछले चार साल से इसका लाभ नहीं मिल रहा है। इस बार भी शिक्षा विभाग ने फतेहाबाद जिले के लिए करोड़ों रुपये की राशि जारी की है, लेकिन टोहाना में महज चार स्कूलों को ही भुगतान मिला है। पुनिया ने बताया कि पिछले 10 सालों से लगभग 2 से ढाई करोड़ रुपये की राशि बकाया है। स्कूल अपने स्तर पर सभी खर्च वहन कर रहे हैं, जिससे कई स्कूल घाटे में चले गए हैं। जिन स्कूलों में 134-ए के बच्चे ज्यादा हैं, उनकी स्थिति और खराब है। अगर सरकार समय पर भुगतान करे तो स्कूल सुचारू रूप से चल सकें। संघ ने बताया कि इस संबंध में एक-दो दिन में जिला शिक्षा अधिकारी से मिलकर बकाया राशि जल्द जारी करने की मांग की जाएगी।