रतिया।ट्रैफिक पुलिस की ओर से रतिया शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए शुक्रवार को विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान नो पार्किंग क्षेत्र में खड़े वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तीन गाड़ियों को क्रेन की मदद से उठाकर रतिया सिटी थाना पहुंचाया गया। पुलिस ने संबंधित वाहन चालकों के नो पार्किंग के चालान काटकर जुर्माना भी लगाया वही इसके इलावा 27 अन्य वाहनों के अधूरे दस्तावेजों, ट्रिपल राइडिंग, बिला हेलमेट के वाहन चालको के करीब 25 हज़ार के चालान काटे गए ट्रैफिक इंचार्ज भीम सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि अभियान के दौरान तीन वाहन नो पार्किंग क्षेत्र में खड़े पाए गए। इनमें एक वाहन नए बस स्टैंड के सामने, दूसरा शहर के बाजार क्षेत्र में तथा तीसरा भगत सिंह चौक के पास खड़ा था। सभी वाहनों को क्रेन की सहायता से हटाकर रतिया सिटी थाना पहुंचाया गया और नियमों के उल्लंघन पर चालान किए गए व अन्य वाहनो के भी चालान काटे गए है। ट्रैफिक पुलिस की टीम ने इस दौरान वाहन चालकों और दुकानदारों को नो पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़ा न करने के लिए जागरूक भी किया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि शहर के मुख्य बाजारों और चौक-चौराहों पर गलत तरीके से पार्किंग करने से यातायात बाधित होता है और आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। ट्रैफिक इंचार्ज भीम सिंह ने वाहन चालकों को चेतावनी देते हुए कहा कि भविष्य में यदि कोई वाहन नो पार्किंग क्षेत्र में खड़ा पाया गया तो उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी और भारी जुर्माना लगाया जा सकता है। जरूरत पड़ने पर वाहनों को क्रेन की मदद से हटाया जाएगा। ट्रैफिक पुलिस की इस कार्रवाई से शहर में गलत पार्किंग पर लगाम लगने और यातायात व्यवस्था में सुधार आने की उम्मीद है। पुलिस ने शहरवासियों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और निर्धारित पार्किंग स्थान पर ही अपने वाहन खड़े करें।