हिसार में बांग्लादेशियों के मिलने के बाद आज गुप्तचर विभाग फतेहाबाद में भी एक्टिव नजर आया। गुप्तचर विभाग के द्वारा शहर के लघु सचिवालय के पास, बाईपास, सिरसा रोड, पर बनी स्लम बस्ती का निरीक्षण किया गया व चेकिंग अभियान चलाया गया। स्लम बस्ती में रह रहे लोगों की बायोमीट्रिक वेरिफिकेशन की गई। गुप्तचर विभाग के सब इंस्पेक्टर दिनेश चंदेल व उनकी टीम के द्वारा स्लम बस्ती में रह रहे लोगों की पहचान पत्र व जरूरी कागजात चेक किए गए। गुप्तचर विभाग को सूचना मिली थी कि फतेहाबाद के भी कई इलाकों में अवैध तौर पर बांग्लादेश से आए हुए लोग रह रहे हैं जिसके बाद यह अभियान चलाया गया है। इस बारे में जानकारी देते हुए गुप्तचर विभाग के सब इंस्पेक्टर दिनेश चंदेल ने कहा कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा। शहर के औद्योगिक क्षेत्र में भी यह अभियान चलाया जाएगा क्योंकि वहां पर भी काफी संख्या में बाहर से मजदूर मौजूद रहते है। उनके भी कागजात चेक किए जाएंगे।