फतेहाबाद नगर परिषद हाउस के गठन के बाद विकास कार्य न होने से खफा प्रधान राजेंद्र सिंह खिंची ने पार्षदों के साथ वीरवार दोपहर को कार्यालय में बैठक की। बैठक में पार्षदों ने प्रधान के आगे दुखड़ा रोते हुए कहा कि इतनी हिम्मत नहीं है कि गड्डे तक भरवा सकें। बैंच और स्ट्रीट लाइटें तक नहीं मिल रही है। करीब एक घंटे तक चली बैठक में ही प्रधान खिंची ने ईओ सुरेंद्र कुमार को 15 जनवरी को हाउस बैठक बुलाने के लिए पत्र लिख दिया। बैठक में प्रधान ने कहा कि अब बस हो गई है और सभी अंदर से भरे पड़े है, 15 जनवरी की बैठक आरपार की होगी। अधिकारियों को बैठक में साफ चेतावनी दे दी जाएगी। अगर फिर भी नहीं हुआ तो पार्षदों को साथ लेकर मुख्यमंत्री और मंत्री से मिलेंगे। 15 की बैठक के बाद बदलाव देखने को मिलेंगे। इससे पहले बैठक में पार्षद मोहन लाल नारंग ने कहा कि एक साल पहले अलग-अलग कमेटियां देखरेख के लिए बनाई गई थी उनका आज तक नोटिफिकेशन नहीं हुआ है। अगर अधिकारी उन्हें चोर समझते है तो पार्षदों ने अपने स्तर पर वार्डो में लाइटें लगवा रखी है उसे उतरवा लेते है। नगर परिषद को डबल इंजन की सरकार कहा जाता है जबकि हालात ये है कि सभी इंजन फेल हो रखे है।