बाल दिवस-2024 के उपलक्ष्य में स्थानीय बाल भवन प्रांगण में जिला बाल कल्याण परिषद की ओर से जिला स्तरीय बाल दिवस एवं पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान उपायुक्त डॉ. मनदीप कौर ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत कर बच्चों को सम्मानित किया। कार्यक्रम में उपायुक्त ने राज्य स्तरीय बाल दिवस प्रतियोगिताओं के विभिन्न ग्रुपों के सरकारी व गैर सरकारी स्कूलों के बच्चों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। उन्होंने बच्चों की अपनी पढ़ाई के साथ-साथ खेलों पर भी चर्चा की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपायुक्त मनदीप कौर ने कहा कि बाल कल्याण परिषद द्वारा पूरा साल बच्चों में विभिन्न प्रकार की प्रतियोगिताएं व गतिविधियों का आयोजन किया जाता है, जिनका मुख्य उद्देश्य बच्चों का सर्वांगीण विकास करना होता है। उन्होंने बच्चों से आह्वान किया कि वे शैक्षणिक, सांस्कृतिक व खेल प्रतियोगिताओं में बढ़ चढ़कर भाग लें। इससे जीवन में आगे बढ़ने की भावना विकसित होती है। कार्यक्रम के दौरान बाल भवन परिसर में बच्चों द्वारा बनाई गई पेंटिंग व अन्य कलाकृतियों की प्रदर्शनी लगाई गई, जिसका उपायुक्त ने अवलोकन किया।