फतेहाबाद नगर परिषद की अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई लगातार तीसरे दिन शुक्रवार को जारी रही। बाजार खुलने से पहले सुबह साढ़े 7 बजे टीम ने जिला नगर आयुक्त संजय बिश्नोई के नेतृत्व में सिरसा रोड पर बीएसएनएन एक्सचेंज से अभियान शुरू कर दिया। टीम ने फुटपाथ पर बने तंबू उखाड़ दिए। शोरूम के आगे बने रैंप को तोड़ दिया गया। यहां तक शेड और होडिंग भी जेसीबी से तोड़ दिए गए। अतिक्रमण की कार्रवाई की खबर लगते ही व्यापारियों में खलबली मच गई। दुकानदारों ने शहर में खुद ही शेड और होडिंग हटाने शुरू कर दिए। व्यापारियों ने दोपहर को बैठक की और अधिकारियों की कार्रवाई को लेकर रोष जताया और कहा कि कोई राय नहीं ली गई है। व्यापारियों के गुस्से के बाद भाजपा जिलाध्यक्ष ने उपायुक्त डॉ.विवेक भारती से बात की और दो दिन का समय मांग। इसके बाद नगर परिषद ने दो दिन के लिए अतिक्रमण हटाओ अभियान रोक दिया।