शुक्रवार को जिला मुख्यालय पर आयोजित होने वाली रन फॉर यूनिटी पर मुख्यमंत्री आवागमन को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। बुधवार को उपायुक्त डाॅ. विवेक भारती और पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने संयुक्त रूप से कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने पंचायत भवन के पास बनाए जा रहे मुख्य मंच और आसपास की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। रन फॉर यूनिटी का कार्यक्रम पंचायत भवन के बाहर से शुरू होगा, जहां मुख्यमंत्री जनता को संबोधित करेंगे। इसी स्थान पर मंच लगाया जा रहा है और सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन ने विशेष निर्देश दिए हैं। उपायुक्त डाॅ. विवेक भारती और पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने संयुक्त रूप से बताया कि कार्यक्रम में करीब 30 हजार लोगों के आने की संभावना है। जिसको लेकर तैयारियां की जा रही है। यातायात व्यवस्था को लेकर रूट डायवर्ट किए जा रहे है।