ऑपरेशन जीवन ज्योति’ अभियान के तहत, सीआईए टोहाना की टीम ने नशा तस्करों के खिलाफ सफलता हासिल की है। पुलिस ने एक नशा तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 566 ग्राम हेरोइन बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग पौने तीन करोड़ रुपये आँकी गई है। जानकारी के अनुसार डीएसपी उमेद सिंह के मार्गदर्शन और सीआईए प्रभारी उपनिरीक्षक अशोक कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम को गुप्त सूचना मिली कि आकावाली क्षेत्र में नशे की बड़ी खेप की डिलीवरी की तैयारी चल रही है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए सीआईए टीम तुरंत हरकत में आई और क्षेत्र में नाकाबंदी कर सघन चेकिंग अभियान शुरू किया गया। कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम ने एचआर-26BZ-3904 नंबर की कार को रोककर तलाशी ली। चालक से पूछताछ करने पर उसने अपना नाम पंजाब के फरीदकोट के गांव शेर सिंह निवासी परमजीत सिंह उर्फ पम्मा उर्फ पवन कुमार बताया है। पुलिस ने नियमानुसार वाहन की तलाशी ली, तो कार से 566 ग्राम हेरोइन बरामद की गई।