थाना शहर पुलिस ने मकान में सेंधमारी कर सोने के जेवर व नकदी चोरी करने के मामले में कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर चोरीशुदा सामान बरामद किया है। मामले में आरोपी गांव कुकडांवाली निवासी अमित की गिरफ्तारी हुई है। पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी ने शराब के नशे में रैकी की, इस दौरान मकान को ताला लटका हुआ मिला। खिड़की का शीशा तोड़कर अंदर घुसा और वारदात को अंजाम दिया। डीएसपी संजय कुमार ने बताया कि थाना शहर फतेहाबाद प्रभारी निरीक्षक सुरेंद्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी अमित कुमार निवासी कुकड़ांवाली को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से दो जोड़ी सोने की बालियां, एक जोड़ी सादी सोने की बालियां, दो जोड़ी सोने की लटकन चेन, दो लेडीज सोने की अंगूठियां, एक ओम नुमा सोने का लॉकेट, दो सोने की ईयर चेन सहित 32.91 ग्राम सोना, 6 नग सोने के नाक व कान के आभूषण तथा 2100 नकद बरामद किए गए हैं। शिकायतकर्ता गुलशन कुमार पुत्र सुभाष चंद निवासी हिसार, हाल वार्ड नंबर 06 रामपुरा फतेहाबाद ने शिकायत दी थी कि 4 अप्रैल 2026 को माता चंडीगए गई हुई थी। दो दिन बाद जब लौटे तो चोरी की घटना हुई मिली। किसी अज्ञात व्यक्ति ने मकान की खिड़की का शीशा तोड़कर घर में प्रवेश किया और अलमारी का ताला तोड़कर सोने के जेवर व नकदी चोरी कर ली। मामले में 6 अप्रैल को प्राथमिकी दर्ज की गई थी।