फतेहाबाद जिले के सभी सरकारी व गैर सरकारी स्कूलों व कॉलेजों में पुलिस प्रशासन की ओर से मंगलवार को सड़क सुरक्षा प्रश्नोतरी परीक्षा का आयोजन करवाया गया। सभी 870 स्कूल व आठ कॉलेजों में कुल 1,56,733 विद्यार्थियों ने इस प्रश्नोत्तरी परीक्षा में भाग लिया। यातायात डीएसपी कुलवंत सिंह ने बताया कि सड़क सुरक्षा प्रश्नोतरी करवाने का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को यातायात नियमों के बारे में जानकारी देना है ताकि वह खुद भी सुरक्षित रहें औार समाज को भी सुरक्षित रख सकें। यह परीक्षा अब स्कूल स्तर के बाद ब्लॉक, जिला, रेंज तथा राज्य स्तर पर भी होगी। खंड स्तर के विजेता जिला स्तर और जिला स्तर के विजेता राज्य स्तरीय पर भाग लेंगे। डीएसपी कुलवंत सिंह ने डीएवी पुलिस पब्लिक स्कूल व एमएम कॉलेज तथा यातायात थाना प्रबंधक राजेश कुमार ने सीनियर सेकेंडरी स्कूल फतेहाबाद में परीक्षा का निरीक्षण किया। इसके अलावा जिले में सभी थाना प्रबंधकों व चौकी प्रभारियों ने अपने-अपने एरिया के स्कूल व काॅलेज में जाकर परीक्षा की निगरानी की। डीएसपी कुलवंत सिंह ने बताया कि विद्यार्थियों ने प्रश्नोत्तरी परीक्षा में उत्साह के साथ भाग लिया।